Tuesday, 24 October 2017

बंदर की शादी का शोर

बाल कविता
बंदर की शादी का शोर

धमाचौकड़ी चारों ओर,
बंदर की शादी का शोर!

ढेचूँ-ढेचूँ गधा रेंकता,
घोड़ा पहुंचा लात फेंकता!
खोंखों करके आए बंदर,
बिना कार्ड घुस गई छछूंदर!
आतिशबाजी थी घनघोर!
बंदर की शादी का शोर!!

बिल्ली ने जन्म लिया मुखोटा,
पूंछ दाबकर गया बिलौटा!
भालू डमरू लेकर आया,
तब सांपों ने बीन बजाया!
उछल-उछल कर नाचे मोर!
बंदर की शादी का शोर!!

मूछ ऐंठता शेरू आया,
पत्नी और 10 बच्चे लाया!
हिरनों ने रसगुल्ले खाए,
फिर सियार ने मंतर गाए!
बंधी लोमड़ी के संग डोर!
बंदर की शादी का शोर!

शिव मोहन यादव
ग्राम नेरा कृपालपुर
पोस्ट गौरी करन,
जिला कानपुर देहात,
उत्तर प्रदेश,
भारत

No comments:

Post a Comment