Sunday, 4 October 2020

लंका पर है हुई चढ़ाई/ राघव

 अब समुद्र पर सेतु बंधा है, लंका पर है हुई चढ़ाई

छिड़ी हुई घनघोर लड़ाई

टूट रहे वानर दानव पर
पीट रहे बातों बातों में
मसल रहे उनको चुटकी में
चबा रहे उनको दांतो में
सोच रही है दानव सेना, यह कैसी विपदा है आई

जामवंत हनुमंत नील नल
रण में तत्पर सभी खड़े हैं
अंगद अरु सुग्रीव वीरगण
सबने अद्भुत युद्ध लड़े हैं
राम सैन्य का देख पराक्रम, रावण की सेना घबराई

इक विशाल सेना लेकर के
सेनापति प्रहस्त है आया
भीषण युद्ध किया है उसने
किंतु पराजय का फल खाया
अब प्रहस्त वध से लंका में, आज शोक की बदली छाई

Wednesday, 22 April 2020

युवा साहित्यकार शिव मोहन यादव को उमाकांत मालवीय युवा बाल साहित्य सम्मान

कानपुर देहात के शिवमोहन यादव को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की ओर से लखनऊ में आयोजित बाल साहित्य सम्मान समारोह अभिनंदन पर्व में ''उमाकांत मालवीय युवा बाल साहित्य सम्मान'' दिया गया। शिवमोहन की किताब- 'लल्ला और बिट्टी' (पं. प्रताप नारायण मिश्र अवार्ड से सम्मानित), 'सिंहों के अवतार तुम्हीं हो' पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। रेडियो बुंदेलखंड में भी इनकी रचनाओं का प्रसारण भी हो चुका है। कानपुर देहात के नेराकृपालपुर गांव निवासी सूरज सिंह यादव के बेटे शिवमोहन यादव लेखक होने के साथ-साथ पेशे से पत्रकार भी हैं। शिवमोहन को इस पुरस्कार के साथ अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और 51 हजार रुपये की राशि भेंट की गई। पिछले 13 सालों से युवा लेखक शिवमोहन का बाल साहित्य 'नंदन', 'चंपक', 'बालहंस' समेत तमाम राष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रहा है।
विज्ञापन

उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने इस मौके पर कहा कि सभी महान साहित्यकारों ने बाल साहित्य जरूर लिखा है। मौजूदा दौर में हर भारतीय भाषा में बाल साहित्य सृजन की जरूरत है। समय में बदलाव के साथ बाल साहित्य की रचनाओं में भी परिवर्तन की जरूरत है। बच्चों में नैतिकता का बोध कराने वाले साहित्य का दौर विलुप्त हो रहा है। अमेरिकी शोध भी कहता है कि बच्चों को दादा-दादी, नाना-नानी की कहानियां सुनाना संयुक्त परिवार शैली की जरूरत है, ताकि संस्कारों का विकास होता रहे। त्योहारों की कथाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृतियों, धार्मिक परंपराओं में हमें नैतिकता का पाठ पढ़ाया गया, जिसने हमारी पीढ़ी को संस्कारी बनाया। आने वाली पीढ़ी को भी उन्हीं संस्कारों को जरूरत है।

विशिष्ट अतिथि साहित्यकार डॉ. सूर्यप्रसाद दीक्षित ने कहा कि आज के बच्चे डिजिटली रूप से हमसे कहीं ज्यादा तेज हैं। ऐसे में लेखकों को उनकी समझ का बाल साहित्य लिखना होगा। अध्यक्षता कर रहे हिंदी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष सदानंद प्रसाद गुप्ता ने बाल और किशोर पाठकों के लिए जरूरी साहित्य सृजन की सार्थकता पर चर्चा की। निदेशक हिंदी संस्थान शिशिर ने भी विचार रखे। संचालन संस्थान की संपादक डॉ. अमिता दुबे ने किया।

13 सालों से शिवमोहन का बाल साहित्य पत्रिकाओं में हो रहा प्रकाशित


https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/kanpur/shivmohan-yadav-from-kanpur-got-umakant-malviya-youth-child-literature-award

ऑनलाइन कवि सम्मेलन से किया प्रेरित

 देशभर के 10 कवियों ने कोरोना के प्रति किया जागरूक

कानपुर! बाल साहित्य प्रसार संस्थान के तत्वावधान में मंगलवार रात्रि 8 से 9 बजे के बीच अखिल भारतीय बाल साहित्य कवि सम्मेलन का ऑनलाइन आयोजन किया गया. व्हाट्सएप पर ऑनलाइन हुए इस कवि सम्मेलन में देश के 10 कवियों ने प्रतिभाग किया.
मां सरस्वती की वाणी वंदना के बाद डॉ. सुरेंद्र विक्रम की अध्यक्षता में डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' ने अपनी कविता "साठ कबूतर" से उपस्थित श्रोताजनों को मुग्ध कर लिया. आगरा से डॉ. उमेश चंद्र सिरसवारी ने 'चिंटू चिंटू गए बाजार' कविता के जरिए मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया. बलरामपुर से गौरव बाजपेई ने 'मीठे आम' कविता सुनाकर सम्मेलन में रस भर दिया. उदयपुर की डॉ. अनीता जैन 'विपुला' ने "मेरा घर" रचना सुनाकर घर पर रहने के लिए प्रेरित किया. राजसमंद की कुसुम अग्रवाल ने "ला अम्मा मैं हाथ बंटाऊं" कविता सुनाकर सम्मेलन में संस्कार भरे. कटनी की डॉ. सुधा गुप्ता 'अमृता' ने "बात बताई चुहिया ने" कविता प्रस्तुत करके सभी को जागरूक किया. डॉ. शेषपाल सिंह 'शेष' आगरा ने "कोविड-19" बाल कविता प्रस्तुत करके लोगों को जागरूक किया. वहीं, मुंबई से रमेश यादव ने "दादाजी ने पौधा लगाया" की प्रस्तुति देकर पौधरोपण के लिए प्रेरित किया. शाहजहांपुर के सतीश मिश्र ने "वह बरगद का पेड़" कविता से बचपन की यादें ताजा कर दी. कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. सुरेंद्र विक्रम ने "खेल-खेल में" एक बेहतरीन बालगीत प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया. संचालन कर रहे पीलीभीत के डॉ. अमित कुमार ने बीच-बीच में बेहतरीन विचार भी रखे. इस दौरान दिल्ली के डॉ. दिविक रमेश, रजनीकांत शुक्ल, मध्य प्रदेश से डॉ. प्रीति प्रवीण खरे, प्रकाश तातेड़, कानपुर से शिव मोहन यादव आदि उपस्थित रहे.

Monday, 2 March 2020

लौट आया बेटा

लौट आया बेटा

प्रस्तुति-अनिल जायसवाल

एक गांव में एक किसान रहता था। धन-धान्य की उसे कोई कमी नहीं थी। खूब सारे खेत थे। उससे अच्छी आय हो जाती थी। उसने काम के लिए कई नौकर-चाकर रख रखे थे। किसान के दो पुत्र थे। दोनों बड़े मेहनती थे। काम में पिता का हाथ बंटाते थे।
एक बार छोटे पुत्र का मित्र विदेश से गांव लौटा। वह खूब कमाकर लाया था। यह देख, किसान के छोटे बेटे को लालच आ गया। एक दिन उसने अपने पिता से कहा, “मैं भी विदेश जाकर कमाना चाहता हूं। यदि आप बुरा न माने, तो अपनी संपत्ति में से मेरा हिस्सा मुझे दे दीजिए।“
पिता ने उसकी बात मान ली। उसने खुशी-खुशी अपनी संपत्ति दोनों बेटों में बांट दी।
ढेर सारी संपत्ति पाकर छोटा बेटा बड़ा खुश हुआ। उसने अपने पिता से इजाजत ली और धन लेकर विदेश चला गया। वहां उसने अपना कारोबार शुरू किया। परंतु लापरवाही और अनुभव न होने के कारण उसे धंधे में बहुत घाटा हुआ। देखते-देखते वह सडक़ पर आ गया।
पिता की सारी संपत्ति खत्म हो जाने पर छोटे बेटे को बड़ा दुख हुआ। हारकर पेट पालने के लिए उसने एक व्यक्ति के पास चरवाहे की नौकरी कर ली। वह आदमी बहुत कंजूस था। उसे खाने तक को कुछ नहीं देता था। कहता, “रास्ते में लगे पेड़ों के फल अथवा फलियां खा लो।”
एक दिन जानवरों को चराते समय छोटे बेटे को रोना आ गया। उसने सोचा, ‘यहां जो मेरी हालत है, उससे अच्छी हालत में तो मेरे पिता के यहां नौकर रहते हैं। उन्हें कभी खाने-पीने की दिक्कत नहीं होती। क्यों न मैं पिता के पास जाकर माफी मांग लूं? मैं उनसे कहूंगा कि मुझे अपने पास नौकरी पर रख लें। कम से कम यहां के दु:खदायी जीवन से छुटकारा तो मिलेगा?’
ऐसा सोचकर वह अपने पिता के पास गांव लौट आया। पिता ने उसे देखा, तो गले से लगा लिया। छोटा बेटा अपनी दुखभरी कहानी सुनाकर बोला, ‘मैं आपका पुत्र कहलाने योग्य नहीं। हो सके, तो मुझे अपने यहां काम दे दीजिए।’
पिता ने उसे प्यार से झिडक़ा। फिर नौकरों से मंगाकर उसे अच्छे वस्त्र और आभूषण पहनाए। वह बिल्कुल राजकुमारों सा लगने लगा। किसान ने बेटे के आने की खुशी में गांव के लोगों को खाने पर बुलाया।
जब यह सब हो रहा था, तो बड़ा बेटा खेत में काम कर रहा था। जब उसे यह समाचार मिला, तो वह अजीब दुविधा में फंस गया। भाई के आने की जहां उसे खुशी थी, वहीं पिता का व्यवहार, खासकर उसकी संपत्ति में से फिर छोटे भाई के लिए कुछ करना, उसे अच्छा नहीं लगा।
वह चुपके-से पिता के पास गया। अपना विरोध जताते हुए उसने कहा, “मैं हमेशा आपकी सेवा करता रहा हूं। परंतु आपने मेरे लिए कभी किसी उत्सव का आयोजन नहीं किया। मेरे मांगने पर भी एक पैसा फालतू नहीं दिया। परंतु मेरा छोटा भाई, जो अपने हिस्से का धन बर्बाद करके लौटा है, उसे डांटने के बजाय आप उसका सम्मान कर रहे हैं, भोज का आयोजन कर रहे हैं?”
पिता ने प्यार से बड़े बेटे के माथे पर हाथ फेरा। फिर वह प्यार से बोले, “यह ठीक है कि तुम्हारे छोटे भाई ने अपनी संपत्ति बर्बाद कर दी। यह भी ठीक है कि अब बची हुई संपत्ति तुम्हारी है। पर वह हमें छोडक़र चला गया था। यदि उसकी संपत्ति उसके पास होती, तो शायद वह कभी हमारे पास नहीं लौटता। अत: वह हमारे लिए मरा समान ही था। पर विपत्ति ने उसे हमारे पास वापस भेज दिया है। अत: यह तो हमारे लिए एक मरे हुए को जीवित वापस पाने जैसा है। क्या खोई हुई चीज पाने पर हमें खुशी का इजहार नहीं करना चाहिए?”
पिता की भावना बड़े भाई की समझ में आ गई। उसने अपने कहे के लिए पिता से क्षमा मांगी और छोटे भाई के पास जाकर उसे गले लगा लिया। उसे भी लग रहा था कि जिस भाई को उसने हमेशा के लिए खो दिया था, वह उसे वापिस मिल गया है।
    (Bible) से उद्धृत

Saturday, 8 February 2020

रट्टू राम

मेरी प्रिय बाल कहानी

रट्टू राम


- आशा शर्मा

परीक्षा आने वाली है. इन दिनों विक्की सिर्फ एक ही काम करता है. रटना... रटना और सिर्फ रटना... क्या गणित के फार्मूले... क्या विज्ञान के नियम... क्या हिंदी की व्याकरण और क्या इंग्लिश की स्पेलिंग्स... विक्की सब कुछ रट डालता है. इसी कारण स्कूल में उसके दोस्त उसे रट्टू राम कह कर चिढाते हैं. हालाँकि उसे यह सुनना बुरा तो बहुत लगता था लेकिन अपना रिजल्ट देखते ही वह सबकुछ भूलभाल कर फिर से प्रश्नों के जवाब रटने लगता था.

सोते-जागते, उठते-बैठते हर समय दिमाग में प्रश्न-उत्तर और सवाल-जवाबों की धमाचौकड़ी मची रहती है. मन तो बहुत करता है कि देर तक दोस्तों के साथ फुटबॉल खेले लेकिन फिर परीक्षा याद आते ही वह फुटबॉल की जगह अपनी किताब उठा लेता है और प्रश्नों के जवाब रटने लगता.

"विक्की! हिंदी की तैयारी ठीक से हो गई? साइंस और इंग्लिश में कैसा चल रहा है? गणित का कोई सवाल नहीं आ रहा तो उसे नोट कर लेना. स्कूल में पहले अपने दोस्तों से डिस्कस करना, उसके बाद भी समझ में ना आये तो सर से पूछ लेना. हिचकना नहीं." मम्मी उसे समझाती.

"जी मम्मी! मैं सब कर लूँगा." विक्की का जवाब होता. हर साल क्लास में फर्स्ट आने के कारण वह परीक्षा के दिनों में खुद पर तनाव बहुत बढ़ा लेता है क्योंकि उसे कभी भी क्लास में सेकंड रैंक पर आना पसंद नहीं है. किसी भी सब्जेक्ट में यदि एक नंबर भी कट जाए तो वह बेचैन हो उठता है. अक्सर वह परीक्षा के दिनों में एग्जाम फोबिया का शिकार होकर बीमार भी हो जाता है.

सिलेबस पूरा हो गया.  वार्षिक परीक्षा का टाइम टेबल भी आ गया. परीक्षा का महीना और जाती हुई सर्दियों के दिन... इधर परीक्षा सिर पर और उधर विक्की एग्जाम फोबिया के कारण जुकाम का शिकार. जुकाम था कि कम होने का नाम ही नहीं ले रहा बल्कि अब तो उसे हल्का बुखार भी चढ़ गया था.

"विक्की! दवा लेकर रेस्ट करो वरना बुखार नहीं उतरेगा." मम्मी ने उसे बुखार की दवा देकर समझाया.

" नहीं मम्मी! ये रेस्ट करने का नहीं बल्कि पढने का टाइम है. अगर नंबर कम आये तो मेरी रैंक खराब हो जाएगी. प्लीज कोई ऐसी दवा दो ना जिससे मैं तुरंत स्वस्थ हो जाऊं." विक्की ने किताबें अपने पास खिसकाते हुए कहा.

"बेटा! दवा तो अपने हिसाब से ही असर करेगी ना. आराम करने से तुम बेहतर महसूस करोगे और जल्दी ठीक हो जाओगे. और वैसे भी तुम क्यों इतना परेशान हो रहे हो. साल भर का पढ़ा हुआ ही तो परीक्षा में आएगा ना. और वो तो तुम पढ़ते ही हो." कहते हुए मम्मी ने किताब उठाकर स्टडी टेबल पर रख दी और विक्की को कंबल  ओढ़ाकर सुला दिया.

मम्मी कहाँ जानती थी कि विक्की साल भर पढता नहीं बल्कि क्लास में पढाये हुए को सिर्फ रटता है. मम्मी के जाते ही विक्की ने कंबल से बाहर मुँह निकाला और रटने की कोशिश करने लगा लेकिन बीमारी और कमजोरी की हालात में उससे कुछ भी रटा नहीं जा रहा था. क्या करे?   कुछ दिन बाद तो परीक्षा शुरू होने वाली है.

"तुम फिक्र मत करो विक्की! साल भर जो पढ़ा ओर समझा था उसी के आधार पर परीक्षा देना. क्या हुआ जो नंबर कुछ कम भी आ गये तो. हर बार फर्स्ट आना जरूरी नहीं होता." विक्की को परेशान होता देखकर माँ उसे समझाती लेकिन विक्की किसी भी हालात में सेकंड नहीं आना चाहता था.

आखिर वही हुआ जिसका डर था. परीक्षा का दिन आ गया और विक्की प्रश्नों के जवाब रट नहीं पाया. पेपर देखते ही वह घबरा गया. बहुत से सवाल ऐसे थे जो सर ने क्लास में पढाये और समझाए तो थे लेकिन विक्की ने तब उन पर अधिक ध्यान नहीं दिया था. कुछ प्रश्नों के जवाब जो उसने पहले से रटे हुए थे बस वही लिख पाया. और परिणाम ये हुआ कि इस परीक्षा में उसके नंबर बहुत ही कम आये.

रिजल्ट आया तो बस! विक्की किसी तरह से पास हो पाया था. मार्कशीट घर ले जाते समय उसका मूड बहुत खराब था.

"माँ! मैं इस बार कुछ भी रट नहीं पाया. मेरी क्लास में कोई भी रैंक नहीं बनी." विक्की रोने लगा.

"तो क्या अब तक तुम सिलेबस को रटते थे? लेकिन मैं तो तुम्हें हमेशा समझाती थी कि सिलेबस को रटना नहीं बल्कि उसे समझ कर और बार बार लिखकर अभ्यास करके याद करना चाहिए. यानी तुमने कभी मेरी बात पर ध्यान ही नहीं दिया. यदि तुमने शुरू से यही प्रैक्टिस रखी होती तो तुम्हें एग्जाम में कोई परेशानी नहीं होती." माँ को विक्की की सिलेबस को रटने वाली बात सुनकर गुस्सा आया.

"आप सही कहती हो. हमारे सर भी हम सबको क्लास में यही समझाते थे लेकिन मुझे लिखकर याद करने की बजाय रटना अधिक आसान लगता था. पर अब मैं समझ गया हूँ कि रटा हुआ पाठ सिर्फ कुछ समय के लिए ही याद रहता है जबकि समझा हुआ पाठ हमेशा याद रहता है. अगले साल मैं अपना सिलेबस समझकर और उसके बाद लिख-लिखकर उसकी प्रैक्टिस करूंगा न कि रट कर." विक्की ने माँ से वादा किया.

“शाबाश! और इस रिजल्ट पर भी तुम्हें रोने या निराश होने की कोई जरुरत नहीं है. बल्कि तुम इसे एक सबक की तरह समझो और आगे बढ़ो. कहते हैं ना कि असफलता ही सफलता की पहली सीढी होती है.” माँ ने प्यार से विक्की की पीठ थपथपाई.

अब विक्की के चेहरे पर मुस्कान थी.


इंजी. आशा शर्मा
A-123, करणी नगर (लालगढ़)
बीकानेर- 334001
9413369571