Saturday, 8 February 2020

रट्टू राम

मेरी प्रिय बाल कहानी

रट्टू राम


- आशा शर्मा

परीक्षा आने वाली है. इन दिनों विक्की सिर्फ एक ही काम करता है. रटना... रटना और सिर्फ रटना... क्या गणित के फार्मूले... क्या विज्ञान के नियम... क्या हिंदी की व्याकरण और क्या इंग्लिश की स्पेलिंग्स... विक्की सब कुछ रट डालता है. इसी कारण स्कूल में उसके दोस्त उसे रट्टू राम कह कर चिढाते हैं. हालाँकि उसे यह सुनना बुरा तो बहुत लगता था लेकिन अपना रिजल्ट देखते ही वह सबकुछ भूलभाल कर फिर से प्रश्नों के जवाब रटने लगता था.

सोते-जागते, उठते-बैठते हर समय दिमाग में प्रश्न-उत्तर और सवाल-जवाबों की धमाचौकड़ी मची रहती है. मन तो बहुत करता है कि देर तक दोस्तों के साथ फुटबॉल खेले लेकिन फिर परीक्षा याद आते ही वह फुटबॉल की जगह अपनी किताब उठा लेता है और प्रश्नों के जवाब रटने लगता.

"विक्की! हिंदी की तैयारी ठीक से हो गई? साइंस और इंग्लिश में कैसा चल रहा है? गणित का कोई सवाल नहीं आ रहा तो उसे नोट कर लेना. स्कूल में पहले अपने दोस्तों से डिस्कस करना, उसके बाद भी समझ में ना आये तो सर से पूछ लेना. हिचकना नहीं." मम्मी उसे समझाती.

"जी मम्मी! मैं सब कर लूँगा." विक्की का जवाब होता. हर साल क्लास में फर्स्ट आने के कारण वह परीक्षा के दिनों में खुद पर तनाव बहुत बढ़ा लेता है क्योंकि उसे कभी भी क्लास में सेकंड रैंक पर आना पसंद नहीं है. किसी भी सब्जेक्ट में यदि एक नंबर भी कट जाए तो वह बेचैन हो उठता है. अक्सर वह परीक्षा के दिनों में एग्जाम फोबिया का शिकार होकर बीमार भी हो जाता है.

सिलेबस पूरा हो गया.  वार्षिक परीक्षा का टाइम टेबल भी आ गया. परीक्षा का महीना और जाती हुई सर्दियों के दिन... इधर परीक्षा सिर पर और उधर विक्की एग्जाम फोबिया के कारण जुकाम का शिकार. जुकाम था कि कम होने का नाम ही नहीं ले रहा बल्कि अब तो उसे हल्का बुखार भी चढ़ गया था.

"विक्की! दवा लेकर रेस्ट करो वरना बुखार नहीं उतरेगा." मम्मी ने उसे बुखार की दवा देकर समझाया.

" नहीं मम्मी! ये रेस्ट करने का नहीं बल्कि पढने का टाइम है. अगर नंबर कम आये तो मेरी रैंक खराब हो जाएगी. प्लीज कोई ऐसी दवा दो ना जिससे मैं तुरंत स्वस्थ हो जाऊं." विक्की ने किताबें अपने पास खिसकाते हुए कहा.

"बेटा! दवा तो अपने हिसाब से ही असर करेगी ना. आराम करने से तुम बेहतर महसूस करोगे और जल्दी ठीक हो जाओगे. और वैसे भी तुम क्यों इतना परेशान हो रहे हो. साल भर का पढ़ा हुआ ही तो परीक्षा में आएगा ना. और वो तो तुम पढ़ते ही हो." कहते हुए मम्मी ने किताब उठाकर स्टडी टेबल पर रख दी और विक्की को कंबल  ओढ़ाकर सुला दिया.

मम्मी कहाँ जानती थी कि विक्की साल भर पढता नहीं बल्कि क्लास में पढाये हुए को सिर्फ रटता है. मम्मी के जाते ही विक्की ने कंबल से बाहर मुँह निकाला और रटने की कोशिश करने लगा लेकिन बीमारी और कमजोरी की हालात में उससे कुछ भी रटा नहीं जा रहा था. क्या करे?   कुछ दिन बाद तो परीक्षा शुरू होने वाली है.

"तुम फिक्र मत करो विक्की! साल भर जो पढ़ा ओर समझा था उसी के आधार पर परीक्षा देना. क्या हुआ जो नंबर कुछ कम भी आ गये तो. हर बार फर्स्ट आना जरूरी नहीं होता." विक्की को परेशान होता देखकर माँ उसे समझाती लेकिन विक्की किसी भी हालात में सेकंड नहीं आना चाहता था.

आखिर वही हुआ जिसका डर था. परीक्षा का दिन आ गया और विक्की प्रश्नों के जवाब रट नहीं पाया. पेपर देखते ही वह घबरा गया. बहुत से सवाल ऐसे थे जो सर ने क्लास में पढाये और समझाए तो थे लेकिन विक्की ने तब उन पर अधिक ध्यान नहीं दिया था. कुछ प्रश्नों के जवाब जो उसने पहले से रटे हुए थे बस वही लिख पाया. और परिणाम ये हुआ कि इस परीक्षा में उसके नंबर बहुत ही कम आये.

रिजल्ट आया तो बस! विक्की किसी तरह से पास हो पाया था. मार्कशीट घर ले जाते समय उसका मूड बहुत खराब था.

"माँ! मैं इस बार कुछ भी रट नहीं पाया. मेरी क्लास में कोई भी रैंक नहीं बनी." विक्की रोने लगा.

"तो क्या अब तक तुम सिलेबस को रटते थे? लेकिन मैं तो तुम्हें हमेशा समझाती थी कि सिलेबस को रटना नहीं बल्कि उसे समझ कर और बार बार लिखकर अभ्यास करके याद करना चाहिए. यानी तुमने कभी मेरी बात पर ध्यान ही नहीं दिया. यदि तुमने शुरू से यही प्रैक्टिस रखी होती तो तुम्हें एग्जाम में कोई परेशानी नहीं होती." माँ को विक्की की सिलेबस को रटने वाली बात सुनकर गुस्सा आया.

"आप सही कहती हो. हमारे सर भी हम सबको क्लास में यही समझाते थे लेकिन मुझे लिखकर याद करने की बजाय रटना अधिक आसान लगता था. पर अब मैं समझ गया हूँ कि रटा हुआ पाठ सिर्फ कुछ समय के लिए ही याद रहता है जबकि समझा हुआ पाठ हमेशा याद रहता है. अगले साल मैं अपना सिलेबस समझकर और उसके बाद लिख-लिखकर उसकी प्रैक्टिस करूंगा न कि रट कर." विक्की ने माँ से वादा किया.

“शाबाश! और इस रिजल्ट पर भी तुम्हें रोने या निराश होने की कोई जरुरत नहीं है. बल्कि तुम इसे एक सबक की तरह समझो और आगे बढ़ो. कहते हैं ना कि असफलता ही सफलता की पहली सीढी होती है.” माँ ने प्यार से विक्की की पीठ थपथपाई.

अब विक्की के चेहरे पर मुस्कान थी.


इंजी. आशा शर्मा
A-123, करणी नगर (लालगढ़)
बीकानेर- 334001
9413369571

No comments:

Post a Comment